बांसवाड़ा/राजस्थान।। त्रिपुरा सुंदरी मंदिर ट्रस्ट मंडल की कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए नटवरलाल पंचाल तीसरी बार महामंत्री चुने गए हैं। इस संबंध में आज एक बैठक आयोजित की गई। बांसवाड़ा जिले के तलवाड़ा उपखंड स्थित त्रिपुरा सुंदरी मंदिर के हॉल परिसर में कार्यकारिणी विस्तार, शपथ ग्रहण और नवम पाटोत्सव के आयोजन के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता त्रिपुरा सुंदरी ट्रस्ट मंडल के अध्यक्ष धुलजी भाई पंचाल पालोदा ने की।
मुख्य अतिथि के रूप में निर्वतमान अध्यक्ष कांतिलाल जी पंचाल छोटा डूंगरा उपस्थित रहे, जबकि अति विशिष्ट अतिथि के रूप में संरक्षक मंडल के सदस्य प्रताप मुंगेड़, राजेंद्र घाटोल, गंगाराम बिलोदा, कारीलाल माथुगामड़ा, अशोक बड़ोदिया और दिनेश बावलवाड़ा शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों ने मां त्रिपुरा की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित किया। ईश वंदना का प्रस्तुतिकरण राजेंद्र सामलिया ने किया। इसके बाद, ट्रस्ट मंडल के अध्यक्ष धुलजी भाई ने सभी नवनिर्वाचित स्थानीय अध्यक्षों और केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्यों का शब्द सुमन से स्वागत किया और कार्यकारिणी विस्तार की घोषणा की।